मलेरिया, डेंगी और चिकनगुनिया जैसी ख़तरनाक बीमारियां फैलाने वाले मच्छरों से, हर कोई बचना चाहता है,और इसके लिए लोशन, क्रीम, स्प्रे, कॉइल, ऐसे बहुत से प्रोडक्ट्स भी उपलब्ध हैं । पर हर प्रोडक्ट की अपनी दिक्कतें भी हैं, और सीमा भी। इसीलिए शोधकर्ता आज भी मच्छरों से बचाव के नए तरीके ढूंढ रहे हैं, कुछ ऐसा जो हमारी दिनचर्या में ही शामिल हो।
और ऐसा ही एक नया तरीका ढूंढा है आईआईटी दिल्ली के Department of textile and fibre engineering के शोधकर्ताओं ने, जिन्होंने मच्छरों से निपटने के लिए एक स्मार्ट मच्छर-रोधी डिटर्जेंट तैयार किया है। यह डिटर्जेंट कपड़ों की सफ़ाई भी करता है और हमें मच्छरों के काटने से भी बचाता है।
क्योंकि मच्छर कपड़ों को पार करके भी हमें काट सकते हैं। इसलिए इस डिटर्जेंट में इस्तेमाल किए गए सक्रिय कॉम्पोनेंट कपड़ों को इस तरह से बदलते हैं कि मच्छर कपड़े पर बैठना पसंद ही नहीं करते। ना तो मच्छरों को उसकी गंध अच्छी लगती है और ना ही उसका स्वाद। क्योंकि कपड़े आमतौर पर बार-बार धुलते हैं, तो हर बार इस डिटर्जेंट से धोने से, कपड़ों के मच्छर-रोधी प्रॉपर्टीज़ बरक़रार रहती हैं।
अब भले ही इस तरीक़े से हमें मच्छरों से पूरी तरह छुटकारा ना मिले, पर फिर भी यह तरीक़ा है बेहद आसान। इसके लिए हमें वही काम करना होगा जो हम रोज़ करते हैं- कपड़ों को डिटर्जेंट से धोना और उनको पहनना और मच्छर हमारे कपड़ों से दूर ही रहना चाहेंगे।

