All India institute of Medical Sciences दिल्ली के डॉक्टरों ने, भारत में पहली बार, गर्भ में पल रहे बच्चे की, रीढ़ की सर्जरी कर इतिहास रचा है।
12 नवंबर को, गर्भावस्था के 25वें हफ्ते में हुई यह सर्जरी लगभग 6 घंटे चली। इसमें 30 से ज्यादा विशेषज्ञ शामिल रहे, जिन्होंने पांच हफ्ते तक इस सर्जरी की प्लानिंग की थी। दरअसल, बच्चे में एक गंभीर न्यूरल ट्यूब डिफेक्ट (Myelomeningocele) का पता चला था।
गर्भ के पहले महीने में न्यूरल ट्यूब से ही दिमाग और रीढ़ बनती है। जब यह पूरी तरह बंद नहीं होती, तो रीढ़ का कुछ हिस्सा और नसें बाहर रह जाती हैं। इससे चलने-फिरने में दिक्कत और मल-मूत्र पर नियंत्रण न होना जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
आमतौर पर इसका इलाज जन्म के बाद होता है, पर तब तक नसें डैमेज हो चुकी होती हैं। इसलिए डॉक्टरों ने गर्भाशय खोलकर, माइक्रोस्कोप और अल्ट्रासाउंड की मदद से रीढ़ के खुले हिस्से को गर्भ में ही बंद कर दिया।
हालांकि यह पूरा इलाज नहीं है, पर इससे दिमाग से एक्स्ट्रा पानी निकालने के लिए शंट (shunt) लगाने की ज़रूरत लगभग आधी रह जाती है, और बच्चे की चलने की क्षमता में भी सुधार होता है।
पर सबसे ज़रूरी बात है यह जानना कि लगभग 75% न्यूरल ट्यूब डिफेक्ट सिर्फ फोलिक एसिड यानी विटामिन B9 की सही मात्रा से रोके जा सकते हैं, जो स्वस्थ कोशिकाओं के बनने और भ्रूण के तंत्रिका तंत्र के विकास के लिए आवश्यक होता है।
इसलिए गर्भधारण से पहले, और बाद में सही खानपान, सप्लीमेंट्स और नियमित जांच बेहद ज़रूरी हैं।

