
आज भारत के अंतरिक्ष इतिहास में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ गई, जब भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन यानी ISRO ने अपने शक्तिशाली प्रक्षेपण यान LVM3 के ज़रिए LVM3-M6 / BlueBird Block-2 मिशन को सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से सफलतापूर्वक लॉन्च किया।
24 दिसंबर यानि आज की सुबह, 8:55 पर बाहुबली कहे जाने वाले LVM3 रॉकेट ने एक बार फिर से अपनी ताकत का लोहा मनवाया, जब इसने अमेरिकन कंपनी AST Space Mobile के 6,100 किलोग्राम वज़नी BlueBird Block-2 संचार उपग्रह को लेकर तेज़ गर्जना के साथ अंतरिक्ष की ओर सफल उड़ान भरी।
लक्ष्य था ब्लू बर्ड ब्लॉक 2 संचार उपग्रह को लो अर्थ आर्बिट में स्थापित करना, और LVM3 M6 ने यह लक्ष्य लगभग 15 मिनट में सटीकता से पूरा कर लिया।
ये LVM3 की छठी सफल परिचालन उड़ान थी, इससे पहले यही रॉकेट चंद्रयान-2, चंद्रयान-3 और OneWeb के दो मिशनों सहित और अभियानों को भी सफल बना चुका है।
BlueBird Block-2 लो अर्थ ऑर्बिट में भेजा गया अब तक का सबसे बड़ा Commercial communication satellite है, और यह भारत की धरती से LVM3 द्वारा लॉन्च किया गया सबसे भारी पेलोड भी है।
यह सैटेलाइट दुनिया भर में सीधे मोबाइल फोन पर 4G और 5G कनेक्टिविटी प्रदान करेगा। इससे भविष्य में पहाड़ों, जंगलों, समुद्री और दूर-दराज़ इलाकों में भी बिना मोबाइल टावर के संचार संभव हो सकेगा।
ये लॉन्च न सिर्फ ISRO की तकनीकी ताकत और भरोसे को दिखाता है, बल्कि यह भी साबित करता है कि भारत अब दुनिया की अंतरिक्ष सेवाओं और भविष्य की संचार तकनीक में एक मज़बूत और भरोसेमंद साथी बन गया है।

