
अंतरिक्ष की खामोशी में तैरते हुए, नासा के अंतरिक्ष यात्री डॉन पेटिट (Don Pettit) की नज़र एक ऐसे नज़ारे पर पड़ी, जिसे उन्होंने बेहद खूबसूरत तस्वीरों में कैद किया।
इस तस्वीर में धरती की रंगीन ऑरोरा रोशनियाँ, नीचे चमकती लाइट्स और इस दृश्य को सबसे खास बनाने वाली एंड्रोमेडा गैलेक्सी, जो धरती से लगभग 25 लाख प्रकाश वर्ष दूर है, और हमारी मिल्की वे के सबसे पास की बड़ी गैलेक्सी मानी जाती है। इतनी दूर होने के बावजूद, ये तस्वीर में हल्की-सी चमक के रूप में दिखाई देती है।
तस्वीर मे नीचे पृथ्वी की मुड़ी हुई सतह चमक रही थी, सर्द रातों में जगमगाते शहर किसी त्योहार जैसी रोशनी बिखेर रहे थे, जैसे ब्रह्मांड प्रकृति का जादू दिखा रहा हो।
इस तस्वीर में धरती का किनारा रंग – बिरंगी रोशनी से चमक रहा है। ऊपर आसमान में ऑरोरा की हरी, गुलाबी और बैंगनी लहरें दिखती हैं। ये रोशनियाँ तब बनती हैं, जब सूरज से आने वाले कण धरती के वातावरण से टकराते हैं।
डॉन पेटिट ने इस पल को कैमरे में कैद करते हुए इसे “छुट्टियों की सबसे खूबसूरत रोशनी” कहा। यह तस्वीर केवल एक सुंदर नज़ारा नहीं, बल्कि यह याद दिलाने वाला पल है, कि हम जिस ग्रह पर रहते हैं, वह कितनी अद्भुत घटनाओं से घिरा हुआ है।
अंतरिक्ष से ली गई यह झलक, धरती और ब्रह्मांड को एक ही फ्रेम में जोड़ देती है। और ऐसी तस्वीरें विज्ञान और आम लोगों के बीच की दूरी को कम करती हैं।
नासा द्वारा साझा की गई ये तस्वीरें लोगों में जिज्ञासा जगाती हैं, और हमें यह याद दिलाती हैं, कि हम बेहद सुंदर और विशाल ब्रह्मांड का हिस्सा हैं, फिर चाहे वो हिस्सा छोटा ही क्यों ना हो।

