International Space Station (ISS) पर रहने वाले अंतरिक्ष यात्रियों के लिए हर दिन नई चुनौती लेकर आता है। और अगर यह चुनौती अंतरिक्ष में किसी उपकरण की खराबी से जुड़ी हो, तो इससे निपटना और भी मुश्किल और जोख़िम भरा हो जाता है।
ऐसे ही चुनौती का सामना नासा के दो अंतरिक्ष यात्रीयों क्रिस विलियम्स और जेसिका मीर ने पिछले दिनों किया। इन दोनों एस्ट्रोनॉट्स ने इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन के बाहर 7 घंटे 20 मिनट तक spacewalk करते हुए, Canadarm2 के खराब जॉइंट की मरम्मत का काम पूरा किया।
ISS के महत्वपूर्ण उपकरणों में से एक ‘कैनाडार्म 2’ एक रोबोटिक हाथ है। इसका इस्तेमाल अंतरिक्ष स्टेशन पर आने वाले कार्गो यानों को पकड़ने, स्पेसवॉक के दौरान अंतरिक्ष यात्रियों को एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाने, बड़े उपकरणों को लगाने, हटाने और स्टेशन की मरम्मत जैसे कई ज़रूरी कामों में किया जाता है।
परंतु 27 मई को इसमें आई एक खराबी के कारण इसकी मोटर ज़्यादा बिजली खींचने लगी थी और यह ठीक से घूम नहीं पा रहा था। इसको ठीक करने के लिए दोनों अंतरिक्ष यात्रियों ने इसके 17.6 मीटर लंबे खराब Wrist Joint को बदला। भारतीय समय अनुसार यह काम 30 जून 2026 को, शाम लगभग 6 बजकर 5 मिनट से शुरू हुआ, और अगले दिन रात 1 बजकर 10 मिनट तक चला।
इसके बाद NASA के मिशन कंट्रोल ने कैनाडार्म2 को चालू करके उसकी बिजली और डेटा सिस्टम की जांच की, जो सफल रही। परंतु इसे अलग-अलग दिशाओं में चलाकर देखना अभी बाकी है।
जांच के बाद कैनाडार्म 2 फिर से पहले की तरह काम कर सकेगा और भविष्य में आने वाले अंतरिक्ष यानों, वैज्ञानिक प्रयोगों और ISS की मरम्मत में मदद करेगा।

