fbpx
News Research

ASTRA: अंतरिक्ष में रोबोट ने पहली बार खुद जोड़े ढांचे के पुर्जे

Featured Video Play Icon

पहली बार एक रोबोट ने बिना किसी अंतरिक्ष यात्री की मदद के अंतरिक्ष में एक ढांचे का हिस्सा सफलतापूर्वक तैयार किया है। इस रोबोट को अमेरिका के California Institute of Technology (Caltech) के वैज्ञानिकों ने डिजाइन किया है।

इसका नाम ऑटोनॉमस इन-स्पेस टेंशन्ड रिफ्लेक्टर असेंबली यानी ASTRA है। इस प्रयोग में रोबोट को अंतरिक्ष में 1.4 मीटर का एंटीना बनाना था। इसके लिए रोबोटिक हाथ से हल्की नलियों, एल्यूमीनियम के जोड़ और चमकदार परत को आपस में जोड़ा गया।

हालांकि, कुछ तकनीकी दिक्कतों के कारण रोबोट पूरा एंटीना नहीं बना पाया, लेकिन शुरुआती हिस्सा तैयार कर उसने अंतरिक्ष में इस तकनीक की क्षमता दिखा दी। ASTRA रोबोट को 30 मार्च 2026 को SpaceX के Transporter-16 मिशन के साथ अंतरिक्ष में भेजा गया था। इसे Momentus कंपनी के विगोराइड 7 अंतरिक्ष यान में रखा गया था।

दरअसल, अंतरिक्ष में बड़े ढांचे भेजना आसान नहीं है, क्योंकि रॉकेट में सामान रखने की जगह सीमित होती है। अब तक बड़े ढांचों को मोड़कर या उनके अलग-अलग हिस्सों को अंतरिक्ष में भेजा जाता था, फिर वहां अंतरिक्ष यात्री इन्हें जोड़कर तैयार करते थे।

लेकिन ASTRA जैसी तकनीक से रोबोट खुद ही इन पुर्जों को जोड़कर बड़ा ढांचा बना सकेंगे। इससे अंतरिक्ष का काम आसान हो सकता है और इंसानी मदद की जरूरत भी कम होगी।

इसी दिशा में DARPA (Defense Advanced Research Projects Agency) ने साल 2022 में NOM4D कार्यक्रम शुरू किया था। इसका मकसद ऐसी तकनीक विकसित करना है, जिससे भविष्य में अंतरिक्ष में सैकड़ों मीटर से लेकर कई किलोमीटर लंबे ढांचे बनाए जा सकें।

इस तकनीक से बड़े अंतरिक्ष टेलीस्कोप, शक्तिशाली संचार एंटीना और विशाल सोलर पैनल बनाने का रास्ता खुल सकता है। हालांकि, इतने बड़े ढांचे अंतरिक्ष में बनाने के लिए इस तकनीक को अभी और बेहतर करना होगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published.

You may also like