दो tectonic boundaries के बीच स्थित पूर्वोत्तर भारत का इलाका भूकंप के लिहाज़ से बेहद संवेदनशील है। 1897 से अब तक यहाँ 8 से अधिक तीव्रता के 2 महाभूकंप आ चुके हैं, और 1900 से 2021 के बीच, यहां 32 ऐसे भूकंप रिकॉर्ड किए गए हैं जिनकी तीव्रता 6 या उससे अधिक थी।
ऐसे इलाकों के लिए वैज्ञानिक Seismic Hazard Assessment करते हैं, ताकि यह अनुमान लगाया जा सके कि भूकंप के कारण ज़मीन कितनी तेज़ी से हिल सकती है। इस जानकारी की मदद से इमारतें, पुल और बुनियादी ढांचे उसी हिसाब से मज़बूत बनाए जा सकते हैं, जिससे जान-माल का नुकसान कम हो।
इसी मूल्यांकन को बेहतर बनाने के लिए IIT Guwahati के शोधकर्ताओं ने एक नया Seismic Hazard Assessment Method विकसित किया है जो Journal of Seismology में प्रकाशित हुआ है।
टीम ने पिछले 1200 सालों के लगभग 6,000 भूकंपों का catalogue तैयार किया, और पुराने रिकॉर्ड में भूकंप के location और magnitude की अनिश्चितता को देखते हुए 200 synthetic catalogues बनाए, जिनमें जगह और तीव्रता में बदलाव किया गया। इसके लिए Latin Hypercube Sampling का इस्तेमाल हुआ।
इसके साथ ही शोधकर्ताओं ने Kernel Density Estimation नाम की गणितीय विधि का इस्तेमाल किया। इसमें भूकंप की स्थानीय भिन्नता और faults की दिशा को ध्यान में रखा गया, क्योंकि गतिविधि fault के आसपास ज़्यादा होती है।
गुवाहाटी, इंफाल, शिलांग, अगरतला, आइजोल, कोहिमा, गंगटोक और ईटानगर शहर भी अध्ययन में शामिल रहे, और Peak Ground Acceleration के आधार पर इंफाल में ज़मीन के सबसे ज़्यादा हिलने का अनुमान लगा।
सबसे ज़्यादा गतिविधि इंडो-बर्मा पर्वतीय क्षेत्र में देखी गई। इसके बाद पश्चिमी अरुणाचल प्रदेश, मध्य असम, शिलांग का पठार और दक्षिणी सिक्किम का स्थान रहा।
इस मेथड में आगे चलकर शोधकर्ता गहराई से जुड़ी अनिश्चितता और recurrence model भी शामिल करेंगे, ताकि आकलन सटीक हो सके।

