
बैक्टीरिया की पहचान करने के तरीके में अब जल्द ही एक बड़ा बदलाव आ सकता है। हाल ही में नेशनल ताइवान यूनिवर्सिटी के वैज्ञानिकों ने एक ऐसा रोबोटिक सिस्टम तैयार किया है, जो बैक्टीरिया को छूकर ही उनकी पहचान कर सकता है।
फ़िलहाल बैक्टीरिया की पहचान के लिए Gram Staining का इस्तेमाल किया जाता है। इसमें रसायनों की मदद से बैक्टीरिया को ग्राम-पॉज़िटिव और ग्राम-नेगेटिव किस्मों में बांटा जाता है। इस पूरी प्रक्रिया में काफ़ी समय लगता है, क्योंकि इसमें कई रासायनिक चरण होते हैं और प्रशिक्षित कर्मियों की भी ज़रूरत पड़ती है।
नई तकनीक में वैज्ञानिकों ने Robotic Gripper पर एक बहुत ही लचीला सेंसर लगाया है। जब यह sensor किसी बैक्टीरिया के नमूने को छूता है, तो उससे एक बहुत छोटा इलेक्ट्रिकल सिग्नल बनता है। क्योंकि ग्राम-पॉज़िटिव और ग्राम-नेगेटिव बैक्टीरिया की सेल वॉल की संरचना अलग-अलग होती है, इसलिए वे अलग-अलग सिग्नल पैटर्न बनाते हैं। इसके बाद कंप्यूटर मॉडल इन संकेतों की जांच करके बैक्टीरिया को पहचान लेता है।
शोध के दौरान इस सिस्टम का टेस्ट कई तरह के बैक्टीरिया पर किया गया। इस सिस्टम ने लगभग 91% सटीकता के साथ बैक्टीरिया की पहचान की और पूरे टेस्ट में सिर्फ़ 620 मिलीसेकंड का समय लगा।
वैज्ञानिकों का कहना है, कि भविष्य में यह तकनीक अस्पतालों में तेज़ी से जांच करने, Automated Microbiology Lab, खाद्य सुरक्षा की जांच, पर्यावरण की निगरानी और एंटीबायोटिक दवाओं के प्रति प्रतिरोधी बैक्टीरिया की पहचान में काफी उपयोगी साबित हो सकती है। इस शोध को Nano Energy जर्नल में प्रकाशित किया गया है।

