
5 और 6 मई 2026 की रात आसमान प्रेमियों के लिए बहुत ख़ास होने वाली है। क्योंकि 5 और 6 मई की रात में Eta Aquarids Meteor Shower अपने चरम पर होगा। जहां आपको हर कुछ मिनट में आसमान में टूटते हुए तारे चमकते दिखाई देंगे, जो एक बेहद खूबसूरत नज़ारा होगा।
वैज्ञानिकों के मुताबिक, यह उल्का पिंड Halley’s Comet के छोड़े गए मलबे से बनते हैं, जो लगभग हर 75 साल में सूर्य की परिक्रमा करता है। जब पृथ्वी इसके बीच से गुज़रती है, तो ये जलकर आसमान में तेज़ रफ्तार से चमकती लकीरों की तरह दिखाई देते हैं। इस दौरान एक घंटे में लगभग 10 से 60 उल्काएं देखी जा सकती हैं।
अगर आप भी इस अद्भुत नज़ारे का हिस्सा बनना चाहते हैं, तो इसे देखने का सबसे अच्छा समय रात के 2 बजे से है। और इसकी ख़ास बात यह भी है कि इसे देखने के लिए किसी दूरबीन या टेलिस्कोप की ज़रूरत नहीं होगी। आप अपनी आंखों से ही इसका आनंद ले सकते हैं।
इस नज़ारे को देखने के लिए ऐसी जगह चुनें जहां रोशनी कम हो और खुला आसमान साफ़ दिखाई देता हो। वहाँ से दक्षिण-पूर्व दिशा में स्थित कुंभ राशि के तारामंडल की ओर देखें। साथ ही अपनी आंखों को आसमान के अंधेरे में ढलने के लिए कुछ समय दें, ताकि आप हर चमक को साफ देख सकें।
यह उल्का वर्षा एक सुनहरा मौका है, जहां पृथ्वी को Halley’s comet के मलबे के साथ प्रत्यक्ष रूप से संपर्क करते हुए देखा जा सकता है। और ये लम्हे आपकी जिंदगी के यादगार पलों में शामिल हो सकते हैं।

