हमारे शरीर में पहुंचने वाले Microplastics और Nanoplastics के छोटे कण सेहत के लिए चिंता का विषय बनते जा रहे हैं। लेकिन एक नए अध्ययन के मुताबिक इससे बचने का एक आसान तरीका है ज़्यादा से ज़्यादा फ़ाइबर युक्त भोजन को अपनी डाइट में शामिल करना।
Nature Communications जर्नल में प्रकाशित यह अध्ययन चीन की South China University of Technology के वैज्ञानिकों ने किया है।
चूहों पर किए गए इस अध्ययन में वैज्ञानिकों ने उन्हें अलग-अलग मात्रा में फ़ाइबर वाला खाना खिलाया और फिर प्लास्टिक के छोटे कण दिए। वैज्ञानिकों ने इस प्रयोग में पाया कि जिन चूहों को मध्यम और ज़्यादा फ़ाइबर वाला भोजन दिया गया, उनके शरीर से 24 घंटे के अंदर ज़्यादा प्लास्टिक कण बाहर निकले। वहीं कम फ़ाइबर खाने वाले चूहों के शरीर से कम प्लास्टिक कण बाहर निकले।
एक हफ़्ते तक किए गए अध्ययन में कम फ़ाइबर खाने वाले चूहों की आंतों में नुकसान के संकेत भी मिले, जबकि ज़्यादा फ़ाइबर खाने वाले चूहों में ऐसा नुकसान नहीं देखा गया। वैज्ञानिकों के अनुसार, फ़ाइबर के रेशे प्लास्टिक के छोटे कणों को अपने साथ बांध लेते हैं और यह कण मल के ज़रिए शरीर से बाहर निकल जाते हैं।
हालांकि, यह अध्ययन अभी चूहों पर ही किया गया है और इसमें फ़ाइबर की मात्रा भी काफ़ी ज़्यादा रखी गई थी। इसलिए इंसानों में फ़ाइबर का ऐसा असर, और सही मात्रा देखने के लिए और अध्ययन की ज़रूरत है।
फ़ाइबर के अच्छे स्रोतों में दालें, चना, राजमा, ओट्स, साबुत अनाज, फल और हरी सब्ज़ियां शामिल हैं। इन्हें रोज़ाना डाइट में शामिल करना सेहत के लिए वैसे भी फायदेमंद होता है।

