
चीन की प्राइवेट स्पेस कंपनी Orienspace ने पूर्वी चीन सागर में समुद्र पर बने मोबाइल लॉन्च प्लेटफॉर्म से Gravity-1 रॉकेट का सफल प्रक्षेपण करके एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। साथ ही रॉकेट ने 9 सैटेलाइट्स को उनकी तय कक्षाओं में सफलतापूर्वक स्थापित भी किया।
भारतीय समय के अनुसार, यह लॉन्च 22 जुलाई 2026 को सुबह लगभग 8 बजकर 24 मिनट पर शंघाई के तट के पास समुद्र से किया गया। सबसे ख़ास बात यह रही कि पूरा मिशन बिना किसी तकनीकी समस्या के पूरा हुआ।
कंपनी के अनुसार इस रॉकेट को समुद्र से लॉन्च करने का सबसे बड़ा फ़ायदा यह है, कि रॉकेट के लिए सही दिशा चुनना आसान होता है, और आबादी वाले इलाकों पर ख़तरा भी कम हो जाता है। इसके अलावा, मोबाइल लॉन्च प्लेटफॉर्म को ज़रूरत के हिसाब से अलग-अलग जगहों पर ले जाया जा सकता है। इससे ज्यादा वज़न वाले सैटेलाइट या पेलोड लॉन्च करना भी आसान होगा।
Gravity-1, चीन का एक प्राइवेट रॉकेट है, जिसे छोटे और मध्यम आकार के सैटेलाइट्स को अंतरिक्ष में भेजने के लिए डिज़ाइन किया गया है। अब तक इसकी लगातार तीन सफल उड़ानों ने यह साबित कर दिया है, कि यह रॉकेट मज़बूत और भरोसेमंद है।
चीन अपने अंतरिक्ष कार्यक्रम को लगातार मज़बूत बना रहा है। इसके तहत वह दोबारा इस्तेमाल होने वाले रॉकेट, चंद्रमा मिशन, तियांगोंग स्पेस स्टेशन के विस्तार और Gravity-2 जैसे नए रॉकेटों के विकास पर तेज़ी से काम कर रहा है।

