fbpx
News Research

100 साल के David Attenborough अब भी धरती बचाने की मुहिम

 

प्रकृति और वन्यजीवों की दुनिया को अपनी आवाज़ से खास बनाने वाले मशहूर ब्रॉडकास्टर सर डेविड एटनबरो ने 8 मई 2026 को अपना 100वां जन्मदिन मनाया। 100 साल की उम्र में भी एटनबरो लगातार लोगों को प्रकृति और पर्यावरण के प्रति जागरूक कर रहे हैं।

डेविड एटनबरो ने अपने करियर की शुरुआत 1954 में टीवी शो Zoo Quest से की थी। तब टेलीविज़न ब्लैक एंड व्हाइट था, और धरती के जंगल आम लोगों के लिए केवल किताबों में मिलते थे। उन्होंने कैमरा उठाया और इन्हीं जंगलों के बाशिंदों को घर-घर पहुंचा दिया।

लेकिन उन्हें असली पहचान 1979 में आई सीरीज़ Life on Earth से मिली। इस सीरीज़ में धरती पर जीवन की शुरुआत से लेकर इंसानों के विकास तक की कहानी दिखाई गई ।

इसके बाद Blue Planet, Planet Earth और Frozen Planet जैसी सीरीज़ ने उन्हें दुनियाभर में पहचान दिलाई। उनकी सीरीज़ के ज़रिए लोगों ने जंगलों, समुद्रों, बर्फ से ढके इलाकों और जानवरों की खूबसूरत दुनिया को क़रीब से देखा।

उनकी डॉक्युमेंट्रीज़ धरती की खूबसूरती दिखाने के साथ-साथ, जलवायु बदलाव, प्रजातियों की विलुप्ती और बढ़ते प्रदूषण की चेतावनी भी देतीं रहीं। उनकी आवाज़ ने करोड़ों लोगों को प्रकृति से प्यार करना सिखाया। जंगल की हर पत्ती और समुद्र की हर लहर उनके लिए एक कहानी थी, जिसे वे अपनी आवाज़ से लोगों तक पहुंचाते रहे।

इसमें कोई शक नहीं कि उनका काम आधुनिक समय की सबसे बड़ी पर्यावरणीय पाठशाला है। बताया जा रहा है, कि अभी भी डेविड एटनबरो  अपनी नई सीरीज़ Blue Planet 3 पर काम कर रहे हैं। 100 साल की उम्र में भी डेविड एटनबरो का संदेश बिल्कुल साफ है, हमारी धरती सबसे कीमती है, और इसकी रक्षा हमारा सबसे पहला कर्तव्य है।

Leave a Comment

Your email address will not be published.

You may also like