नासा के Curiosity Rover ने मंगल ग्रह पर एक ऐसे इलाके को देखा है जिसके मैदान पर लगातार polygon fractures या हनीकॉम्ब स्ट्रक्चर बने हुए हैं। डेढ़ से 3 इंच चौड़ी ये geometric दरारें, मंगल के Gale Crater में मौजूद Valle Grande घाटी में मिली हैं। इन आकृतियों के फैलाव को देखकर विशालकाय मधुमक्खी के छत्ते का आभास होता है।
मिशन द्वारा 19 और 20 जून को लिए गए 360-डिग्री panorama में, ये आकृतियां रोवर की दृष्टि रेखा तक फैली हुई थीं। तस्वीरों में यह भी दिखा कि इन आकृतियों ने 20 फीट ऊंची “मिराफ्लोरेस” नाम के एक छोटी पहाड़ी को भी घेरा हुआ है। वैज्ञानिकों ने इससे पहले मंगल पर इस pattern के छोटे-छोटे पैच देखे थे। लेकिन इन आकृतियों से भरे, दूर तक फैले ऐसे मैदानों को पहली बार देखा गया है।
ग़ौरतलब है कि पृथ्वी पर ऐसे आकार मिट्टी के सूखने के बाद फटने से, भूमिगत बर्फ के फैलने-सिकुड़ने या खनिज-युक्त पानी के बहाव से बनते हैं। लेकिन मंगल की परिस्थितियाँ अलग हैं।
इसलिए नासा के वैज्ञानिकों ने रोवर की मदद से इनके आकार और रसायन का सावधानीपूर्वक मापन किया है। उन्हें उम्मीद है कि इस डेटा से इन आकृतियों के निर्माण के बारे में ऐसे सुराग मिलेंगे जिनसे प्राचीन मंगल की भूवैज्ञानिक हलचलों को बेहतर ढंग से समझने में मदद मिलेगी।
2011 में लॉन्च किया गया Curiosity Rover अगस्त 2012 में मंगल ग्रह पर पहुंचा। अब तक इसने ऐसे कई सबूत खोजे हैं जिनसे पता चलता है कि मार्स के वातावरण में, सूक्ष्मजीवों के जीवन को सहारा देने के लिए पानी, रसायन और पोषक तत्व मौजूद थे।
इसके अलावा इस रोवर ने मंगल पर सल्फर क्रिस्टल, चमकदार उल्का पिंड और अन्य रोचक भू-वैज्ञानिक विशेषताओं को भी खोजा है।

