
हमारे खून में सबसे अधिक मात्रा में पाए जाने वाला प्रोटीन एल्ब्यूमिन है। लिवर द्वारा बनाए जाने वाला यह प्रोटीन, न सिर्फ हमारी रक्त वाहिकाओं में तरल पदार्थ को रिसने से रोकता है, बल्कि ऊतकों की मरम्मत और शरीर में हार्मोन, विटामिन और अन्य पदार्थों के परिवहन में भी अहम भूमिका निभाता है। अब एक नए शोध से यह भी पता चला कि एल्ब्यूमिन हमारे शरीर को एक गंभीर बीमारी से बचाने के लिए भी बहुत ज़रूरी है।
ग्रीस के Institute of Molecular Biology and Biotechnology (IMBB-FORTH) और University of Crete के साथ भारत, यूरोप और अमेरिका के वैज्ञानिकों की एक संयुक्त टीम ने यह खोज की है, कि एल्ब्यूमिन शरीर की प्राकृतिक रोग-प्रतिरोधक क्षमता को मज़बूत करता है और म्यूकोरमाइकोसिस, जिसे black fungus भी कहा जाता है, से बचाव में मदद करता है।
म्यूकोरमाइकोसिस, एक तेज़ी से फैलने वाला इन्फेक्शन है, जिसमें सांस या शरीर पर लगे घाव के ज़रिए fungi spores शरीर के अंदर पहुंच जाते हैं। और यही फंगी शरीर मे जाकर ज़हरीले पदार्थ छोड़ते हैं, जिससे आसपास के cells मरने लगते हैं, और त्वचा काली पड़ जाती है।
शोध में वैज्ञानिकों ने देखा कि ब्लैक फंगस से पीड़ित मरीज़ों के खून में एल्ब्यूमिन का स्तर बहुत कम होता है। और जिन मरीजों में एल्ब्यूमिन की कमी थी, उनमें यह बीमारी ज़्यादा गंभीर दिखाई दी।
इसके अलावा जब वैज्ञानिकों ने स्वस्थ खून से एल्ब्यूमिन को निकाला, तो देखा की फंगस बहुत तेज़ी से बढ़ने लगा। और कुछ चूहों पर किए गए परीक्षणों में भी यही नतीजा मिला।
शोध में वैज्ञानिकों ने यह भी पाया कि, एल्ब्यूमिन की ताकत उसमें मौजूद free fatty acids से आती है। और यही एसिड फंगस के अंदर जाकर उसके ज़रूरी जीन और प्रोटीन बनने की प्रक्रिया को रोक देते हैं। इससे फंगस बढ़ नहीं पाता और शरीर में फैलने से रुक जाता है।
इस खोज से पता चलता है, कि एल्ब्यूमिन शरीर की सुरक्षा प्रणाली के लिए भी महत्वपूर्ण है। भविष्य में यही एल्ब्यूमिन म्यूकोरमाइकोसिस जैसी जानलेवा बीमारी के इलाज और रोकथाम का नया रास्ता खोल सकता है।

